कैथल,बलिंदर कुमार-:दिवाली से पहले कैथल पुलिस ने अवैध तरीके से पटाखों और विस्फोटक सामग्री के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।CIA कलायत की टीम ने करनाल रोड स्थित खाली प्लॉटों से एक ट्रक और पिकअप गाड़ी को कब्जे में लेकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक दोनों वाहनों में बड़ी मात्रा में पटाखों से संबंधित विस्फोटक सामग्री और तैयार पटाखे लोड किए गए थे।
CIA कलायत इंचार्ज मनीष कुमार के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि करनाल रोड पर खाली प्लॉटों में खड़े वाहनों में भारी मात्रा में विस्फोटक सामान भरा जा रहा है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सुबह करीब साढ़े तीन बजे मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों की जांच की। तलाशी के दौरान कुल 571 कार्टून बरामद हुए, जिनमें करीब 23 हजार बॉक्स बताए जा रहे हैं।पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर आरोपियों से पूछताछ की।पूछताछ में सामने आया कि बरामद सामग्री को एक पटाखा फैक्ट्री तक पहुंचाया जाना था।इसके बाद पुलिस टीम ने संबंधित फैक्ट्री में भी छापेमारी की। यहां पटाखे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में कच्चा माल बरामद किया गया।कार्रवाई के बाद पुलिस ने फैक्ट्री को सील कर दिया है।ट्रक और पिकअप को भी जब्त कर लिया गया है। बरामद पटाखों,विस्फोटक सामग्री और कच्चे माल की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में सामग्री कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।







