Home Haryana यमुना किनारे गांवों को बाढ़ से बचाने के लिए तैयार करनाल प्रशासन,...

यमुना किनारे गांवों को बाढ़ से बचाने के लिए तैयार करनाल प्रशासन, स्पीकर हरविंदर कल्याण ने लिया तैयारियों का जायजा

218
0

करनाल |  मानसून से पहले संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने यमुना नदी से सटे इलाकों का दौरा किया। उन्होंने ढाकवाला यमुना बांध और सदरपुर यमुना बांध का निरीक्षण किया और बाढ़ सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।

कल्याण ने कहा कि हर साल बाढ़ की आशंका को देखते हुए नए संवेदनशील स्थानों की पहचान कर फ्लड कंट्रोल के प्रस्ताव भेजे जाते हैं। बीते वर्षों में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ के अनुभव को ध्यान में रखते हुए इस बार अधिक मजबूत सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं। करनाल जिले में 6 बिंदुओं पर बाढ़ से बचाव के लिए लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से कार्य चल रहा है, जिसमें अधिकांश स्थानों पर 70 से 80 प्रतिशत सामग्री पहुंच चुकी है और एक सप्ताह में पूरी सामग्री पहुँच जाएगी।

उन्होंने कहा कि 30 जून तक सभी कार्य पूरे कर लेने का लक्ष्य रखा गया है ताकि मानसून के दौरान आसपास के गांवों और किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। कल्याण ने स्पष्ट किया कि सरकार और प्रशासन दोनों पूरी तरह से सतर्क हैं और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में योजनाओं को मंजूरी दी जा चुकी है।

स्पीकर ने यह भी बताया कि यदि बाढ़ जैसे हालात बनते हैं, तो संबंधित अधिकारियों को पहले से ही आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी आपात स्थिति में लोगों की सुरक्षा और राहत को प्राथमिकता दी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here