पंचकूला | पंचकूला स्थित बीजेपी कार्यालय में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 साल पूरे होने पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और असुरक्षा का माहौल था, लेकिन पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार ने पारदर्शी और विकासोन्मुखी शासन दिया।
सीएम सैनी ने बताया कि आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। 2014 में यह 11वें स्थान पर था। देश का रक्षा निर्यात 34 गुना बढ़ा है और पिछले 10 वर्षों में 668 बिलियन डॉलर का एफडीआई आया है। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता से भारत अंतरिक्ष में अग्रणी बना है।
डिजिटल और वैश्विक नेतृत्व की तारीफ
सीएम ने कहा कि नोटबंदी, डिजिटल पेमेंट, कोरोना वैक्सीनेशन, धारा 370 की समाप्ति और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण जैसे ऐतिहासिक फैसलों से देश को नई दिशा मिली। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित करना भी भारत की वैश्विक भूमिका को दर्शाता है।
गरीबों, किसानों और महिलाओं पर केंद्रित योजनाएं
सीएम सैनी ने बताया कि पिछले 11 सालों में 4 करोड़ लोगों को मकान, 12 करोड़ लोगों को शौचालय, और 15 करोड़ ग्रामीण घरों में नल से पानी पहुंचाया गया। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से 68 लाख रेहड़ी-पटरी वालों को मदद मिली, जबकि स्टैंड अप योजना से 14,000 करोड़ रुपये का ऋण एससी-एसटी वर्ग को मिला।
किसानों के लिए बड़ी योजनाएं
कृषि बजट में 5 गुना इजाफा किया गया है। पीएम किसान सम्मान निधि से 11 करोड़ किसानों को 3.7 लाख करोड़ रुपये की सीधी मदद दी गई है। वहीं, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से 1.75 लाख करोड़ का मुआवजा दिया गया है। हरियाणा में भी किसानों को मुआवजा देने में बड़ी राशि खर्च की गई है।
महिलाओं की भागीदारी में वृद्धि
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान से हरियाणा में लिंगानुपात सुधरा है। मातृ मृत्यु दर में भी कमी आई है। मुद्रा योजना और नारी शक्ति वंदन विधेयक जैसे कदमों से महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त किया गया है।
स्टार्टअप और तकनीकी विकास
उन्होंने कहा कि भारत अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन गया है। स्टार्टअप इंडिया योजना के तहत 1 लाख से अधिक स्टार्टअप्स में 17 लाख युवाओं को रोजगार मिला है।







