चंडीगढ़ | हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस नेताओं पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेता भारत में रहते हैं, लेकिन उनके विचार पाकिस्तान जैसे हैं।
विज ने यह बात एक कांग्रेस नेता के उस बयान पर कही, जिसमें उन्होंने पूंछ और पहलगाम में हुए आतंकी हमलों को लेकर कहा था कि संघर्ष और विराम तो हुआ, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। अनिल विज ने कहा, “ये नेता भारत का खाते हैं, लेकिन बोलते पाकिस्तान की भाषा हैं। ये वही बातें दोहराते हैं जो पाकिस्तान की मीडिया कहती है।”
पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के बयान पर भी विज ने जवाब दिया। उमर ने कहा था कि “टूरिज्म मेरी जिम्मेदारी है, सुरक्षा नहीं।” इस पर विज ने कहा कि जब वो मुख्यमंत्री हैं, तो सुरक्षा भी उनकी ही जिम्मेदारी है। सरकार का काम अपने लोगों की पहचान करना और उनकी सुरक्षा करना है।
केजरीवाल को बताया “जुमलेबाज”
अरविंद केजरीवाल के बयान “बनिया का बेटा हूं, पैसे कहीं से भी लाऊंगा” पर अनिल विज ने कहा कि केजरीवाल सिर्फ घोषणाएं करते हैं लेकिन उन्हें पूरा नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि जब देश मुश्किल हालात से गुजर रहा था, तब केजरीवाल चुप थे और अब बिना सोचे-समझे वादे कर रहे हैं।
बांग्लादेश के नेता को भी घेरा
बांग्लादेश के पूर्व प्रधानमंत्री मोहम्मद यूनुस ने भारत पर वहां की स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया था। इस पर विज ने कहा कि अपनी गलतियों का दोष दूसरों पर डालना पुरानी आदत है। उन्होंने कहा, “जिस तरह यूनुस सत्ता में आए थे, अब जनता उन्हें उसी तरह वापस भेज देगी।”







