नूंह | बढ़ती गर्मी और हीट वेव की संभावनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बरतने की अपील की है। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि गर्मी के प्रभाव को देखते हुए सभी नागरिकों को सावधानी बरतनी चाहिए और बेवजह बाहर निकलने से बचना चाहिए। गर्मी से बचाव के लिए सरकार द्वारा विस्तृत गाइडलाइन भी जारी की गई है।
डीसी मीणा ने कहा कि विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों की सुरक्षा पर ध्यान दिया जाए। बच्चों के ग्रीष्म अवकाश शुरू हो चुके हैं, ऐसे में उन्हें दोपहर की तेज धूप में बाहर न जाने दें। पानी व ओआरएस का नियमित सेवन करने की सलाह दी गई है और किसी भी स्वास्थ्य समस्या में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
प्रशासन की ओर से अप्रैल में ही सभी विभागों को जरूरी निर्देश जारी किए जा चुके हैं। बिजली और जल आपूर्ति को लेकर भी विभागों को पूरी सतर्कता से काम करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर नूंह में जनस्वास्थ्य विभाग ने हाल ही में करीब 600 अवैध पानी कनेक्शन काटे हैं ताकि सभी घरों तक पर्याप्त पानी पहुंच सके।
हीट वेव गाइडलाइन के प्रमुख बिंदु:
- दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में बाहर निकलने से बचें
- हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें, गहरे रंग के कपड़ों से बचें
- नींबू पानी, छाछ, ताजे फल-सब्जियों का अधिक सेवन करें
- छाया वाले स्थानों में रहें, टोपी या छतरी का इस्तेमाल करें
- खेतों व खुले स्थानों में दिन के समय शारीरिक श्रम न करें
- घर की खिड़कियों को ढकें, पंखा या कूलर का इस्तेमाल करें
- पालतू जानवरों और पक्षियों को भी पर्याप्त पानी व छाया दें
डीसी मीणा ने अपील की है कि यदि किसी को अत्यधिक पसीना, चक्कर, बुखार, उल्टी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें और कोई भी लापरवाही न करें।







