हरियाणा | हरियाणा में कोरोना वायरस के केस एक बार फिर बढ़ने लगे हैं, जिससे राज्य सरकार ने अलर्ट मोड में आते हुए एक नई एडवाइजरी जारी की है। सरकार ने स्वास्थ्य विभाग और अस्पतालों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
एडवाइजरी के मुताबिक, सभी अस्पतालों में फ्लू कॉर्नर, पर्याप्त संख्या में सामान्य और आइसोलेशन बेड, ऑक्सीजन सप्लाई, एंटीबायोटिक्स और जरूरी दवाएं उपलब्ध रहनी चाहिए। इसके साथ ही PPE किट, एन-95 मास्क, टेस्टिंग किट्स और अन्य मेडिकल उपकरण भी तैयार रखने को कहा गया है।
सरकार ने इमरजेंसी और ओपीडी क्षेत्रों में मास्क पहनने और संक्रमण रोकथाम के प्रोटोकॉल (IPC) का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की बात कही है। साथ ही लोगों में जागरूकता बढ़ाने और हाई रिस्क मरीजों—जैसे बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं, बच्चे और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों—की निगरानी के लिए भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।
सरकार ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के साथ मिलकर व्यापक तैयारी की समीक्षा के लिए बैठकें करने के आदेश दिए हैं।
राज्य में मंगलवार को कोरोना के 3 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें एक केस फरीदाबाद से और दो केस गुरुग्राम से हैं। इससे हरियाणा में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है।







