बहादुरगढ़ | शहर के भगत सिंह पार्क में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पार्क में टहलने आए लोगों ने एक युवक का लहूलुहान शव देखा। शव की पहचान 19 वर्षीय यन्शु के रूप में हुई है, जो दयानंद नगर का रहने वाला था। उसके गले और शरीर पर तेजधार हथियार से किए गए कई घावों के निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि उसकी हत्या बेहद बेरहमी से की गई।
यन्शु के पिता दीपक ने बताया कि वह सोमवार रात दूध लेने के लिए घर से निकला था, लेकिन फिर लौटकर नहीं आया। काफी तलाश के बाद सुबह उसका शव पार्क में मिला। परिजनों ने रात को ही उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस को दे दी थी।
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी क्राइम प्रदीप कुमार और उनकी टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने सबूत जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने परिजनों के बयान पर केस दर्ज कर लिया है और यन्शु के उन दोस्तों से पूछताछ शुरू कर दी है, जिनसे वह आखिरी बार मिला था। कई पुलिस टीमें इस जघन्य हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारी अभी इस केस में मीडिया से कुछ भी कहने से बच रहे हैं।







