पंचकूला | पंचकूला में एक परिवार ने कर्ज और मानसिक तनाव से परेशान होकर सामूहिक आत्महत्या कर ली। यह घटना सेक्टर 27 के एक मकान के बाहर सड़क पर खड़ी कार में सामने आई, जहां देहरादून के प्रवीण मित्तल (42), उनके माता-पिता, पत्नी और तीन बच्चों समेत सात शव मिले।
प्रवीण मित्तल परिवार के साथ बागेश्वर धाम की हनुमान कथा कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे वापस लौटते वक्त यह कदम उठाने को मजबूर हो गए। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला है।
रात करीब 11 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि मकान नंबर 1204 के बाहर खड़ी कार में लोग गंभीर हालत में हैं। पुलिस पहुंची तो छह लोग अस्पताल ले जाए गए, लेकिन कुछ ही देर बाद सभी की मौत हो गई।
पंचकूला डीसीपी हिमाद्री कौशिक और डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर अमित दहिया घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं। फोरेंसिक टीम भी जांच में जुटी है। शवों को अस्पताल के शव गृह में रखा गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।







