चरखी दादरी | दिल्ली की अदालत द्वारा भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के एक मामले को खारिज किए जाने पर द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित कुश्ती कोच महाबीर फोगाट ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। महाबीर फोगाट ने कहा कि इस मामले में पीड़िता के पिता ने एक साल पहले ही शिकायत वापस ले ली थी, ऐसे में अदालत के निर्णय पर सवाल नहीं उठाया जा सकता। उन्होंने कहा कि वे न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हैं।
महाबीर फोगाट ने यह भी स्वीकार किया कि फैसले से कुछ खिलाड़ियों के मन में निराशा हो सकती है, लेकिन उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि वे विवादों से दूर रहकर अपने खेल पर ध्यान दें और देश के लिए पदक जीतने पर फोकस करें।
दिल्ली की अदालत ने हाल ही में पॉक्सो एक्ट के तहत बृजभूषण सिंह पर चल रहे एक मामले को बंद करने का फैसला सुनाया। मामले में पीड़िता द्वारा अदालत के समक्ष यह कहने के बाद कि वह पुलिस की जांच से संतुष्ट है और क्लोजर रिपोर्ट का विरोध नहीं करती, अदालत ने केस खारिज कर दिया।
हालांकि, बृजभूषण सिंह के खिलाफ महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के एक अन्य मामले की जांच अभी भी जारी है। महाबीर फोगाट ने इस संबंध में कहा कि खिलाड़ियों को न्याय मिलने की उम्मीद है और उन्हें भरोसा है कि कानून के तहत उचित कार्रवाई होगी।
महाबीर फोगाट ने केंद्र सरकार द्वारा गुजरात को खेल हब बनाने के फैसले की सराहना की और कहा कि राज्य सरकार भी खिलाड़ियों के हित में बेहतर प्रयास कर रही है।
उल्लेखनीय है कि इस मामले को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन हुए थे, जिनमें प्रमुख रूप से विनेश फोगाट और साक्षी मलिक जैसी दिग्गज महिला पहलवान शामिल थीं।







