रोहतक| बीती रात लगभग 1 बजे रोहतक बाईपास पर गोहाना-जींद रोड के समीप बाइक सवार बदमाशों और सीआईए-2 की टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर PGI के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस को जानकारी मिली थी कि दो संदिग्ध युवक बाइक पर सवार होकर शहर की ओर आ रहे हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की योजना में हैं। सूचना मिलते ही सीआईए-2 की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी। जब टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। दोनों ओर से करीब 9 से 10 राउंड गोलियां चलीं।
पहचान और आपराधिक इतिहास
घायलों की पहचान पूरण (निवासी गांव पोलंगी) और अमन (निवासी गांव खरैंटी) के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अमन के खिलाफ 3 से 4 और पूरण के खिलाफ 2 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। दोनों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
पूछताछ जारी
सीआईए-2 प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि वे किस वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस इस मामले में गहन जांच कर रही है।







