कैथल | बरटा गांव में दो किशोरों की निर्मम हत्या की घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस दुखद घटना पर संवेदना व्यक्त करने और पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने के लिए हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी गांव पहुंचे।
मंत्री बेदी ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को इस घटना की गहरी पीड़ा है और उन्हीं के निर्देश पर वह पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा, “यह अत्यंत दुखद क्षण है। हमें मिलकर इस संकट की घड़ी में एकजुट रहना होगा और गांव में शांति बनाए रखने के लिए सभी को सहयोग करना चाहिए।”
मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता की घोषणा
मंत्री कृष्ण बेदी ने मृतक किशोरों के परिजनों को मुख्यमंत्री की ओर से प्रत्येक परिवार को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और भविष्य में उन्हें किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी तो हर संभव मदद की जाएगी।
घटना की जांच और दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा
मंत्री ने कहा कि यह घटना न केवल दुखद है, बल्कि यह भी चिंता का विषय है कि इसमें शामिल आरोपी भी नाबालिग हैं। उन्होंने कहा, “इस मामले की पूरी जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
उन्होंने समाज से अपील की कि बच्चों में नैतिक मूल्यों और संवेदनशीलता को बढ़ावा देने की दिशा में भी अब गंभीर प्रयास करने की आवश्यकता है।







