अंबाला | बुधवार को हरियाणा में सुरक्षा एजेंसियों में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब फतेहाबाद के लघु सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी के कुछ घंटों बाद अंबाला डीसी कार्यालय को भी धमकी भरा ई-मेल मिला। ई-मेल में दावा किया गया कि कार्यालय को RDX से उड़ाया जाएगा।
इस सूचना के बाद प्रशासन ने फौरन कार्रवाई करते हुए डीसी ऑफिस को दोपहर 12 बजे तक के लिए बंद कर दिया। मौके पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। कार्यालय परिसर और आसपास के इलाके की गहन तलाशी ली गई।
करीब दो घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। इसके बाद ऑफिस को दोबारा खोल दिया गया और सामान्य कामकाज शुरू हो गया।
उपायुक्त अंबाला ने मीडिया को बताया कि धमकी भरे ई-मेल की सूचना पुलिस को दे दी गई है और साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से ई-मेल की जांच की जा रही है। पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।







