रेवाड़ी | ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में रविवार को केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में रेवाड़ी शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत महाराणा प्रताप चौक से हुई और यह बावल रोड स्थित शहीद स्मारक तक पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, युवा और महिलाएं शामिल रहीं।
तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत सरकार की आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का जीता-जागता उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह अभियान भारतीय सेना के साहस, रणनीति और देशभक्ति का प्रतीक है, जिसने पूरी दुनिया को भारत की ताकत का अहसास कराया।
राव इंद्रजीत ने दावा किया कि पाकिस्तान के नूरखान एयरबेस पर न सिर्फ पाकिस्तान, बल्कि कुछ अन्य देशों के भी परमाणु हथियार मौजूद थे। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने जब पहलगाम हमले के जवाब में यह कार्रवाई की, तो न केवल पाकिस्तान, बल्कि कई अन्य देशों को भी झटका लगा। इसके चलते पाकिस्तान को युद्धविराम की भीख मांगनी पड़ी।
उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के बाद पूरा देश एकजुट हो गया और सभी राजनीतिक दल एक सुर में सरकार और सेना के साथ खड़े नजर आए। राव इंद्रजीत ने इसे सिर्फ सरकार नहीं, बल्कि भारत की सेना और समूचे राष्ट्र की जीत बताया। उन्होंने कहा, “यह नया भारत है जो दुश्मनों को घर में घुसकर जवाब देता है। ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाइयों से यह संदेश साफ है कि अब आतंकवाद का हर वार युद्ध की तरह लिया जाएगा।”
राव इंद्रजीत ने तिरंगा यात्रा को देश के उन सभी वीर जवानों को समर्पित किया जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति दी।







