Home Haryana सोनीपत नगर निगम में कांग्रेस को झटका, तीन पार्षद और नेता भाजपा...

सोनीपत नगर निगम में कांग्रेस को झटका, तीन पार्षद और नेता भाजपा में शामिल

227
0

सोनीपत |  हरियाणा के सोनीपत नगर निगम में कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। वार्ड 2 के पार्षद सुरेंद्र नय्यर और वार्ड 17 के पार्षद नवीन तंवर ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया है। इससे पहले उपचुनाव में कांग्रेस की वार्ड 6 की पार्षद रेनू सैनी भी भाजपा में शामिल हो चुकी हैं।

इन पार्षदों ने अनाज मंडी में आयोजित गुरु गोरखनाथ जयंती कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ली। भाजपा में शामिल होने के साथ ही नगर निगम में कांग्रेस समर्थित सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर की स्थिति कमजोर हो गई है। दोनों ने फरवरी 2023 में 11-11 वोटों से जीत दर्ज की थी और कांग्रेस समर्थित थे, लेकिन अब वे अल्पमत में आ गए हैं।

सुरेश जोगी समेत कई कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल

कांग्रेस नेता सुरेश जोगी ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। तीन दिन पहले कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा उन्हें मनाने पहुंचे थे, लेकिन भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर अब विराम लग गया है। इनके अलावा कई कांग्रेस कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

सूत्रों के अनुसार, नगर निगम के आगामी चुनाव दिसंबर 2025 के बाद कराए जा सकते हैं। ऐसे में कांग्रेस के लिए यह घटनाक्रम एक बड़ा झटका माना जा रहा है।

कांग्रेस में संगठन तक नहीं रह गया — पार्षद सुरेंद्र नय्यर

भाजपा में शामिल होने पर पार्षद सुरेंद्र नय्यर ने कहा, मैं पिछले 25 वर्षों से कांग्रेस में था, लेकिन अब पार्टी में संगठन तक नहीं बचा है। इसलिए यह निर्णय लिया।

गौरतलब है कि दिसंबर 2020 में कांग्रेस के पास मेयर और 9 पार्षद थे, लेकिन अब यह संख्या घटकर मात्र 6 रह गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here