हिसार | नौतपा की शुरुआत से पहले ही हरियाणा भीषण गर्मी की चपेट में आ गया है। प्रदेश के 18 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। सबसे अधिक गर्मी रोहतक में दर्ज की गई, जहां पारा 45.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा नारनौल में 45, हिसार में 44.8 और सिरसा में 44.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक है।
दिनभर की चिलचिलाती धूप और लू ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो आसमान से आग बरस रही हो। रात के तापमान में भी लगातार इजाफा हो रहा है। प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान 23 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने 19 से 21 मई तक ‘हीटवेव अलर्ट’ जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, थार मरुस्थल की ओर से आने वाली पश्चिमी दिशा की तेज, शुष्क और गर्म हवाओं ने हरियाणा सहित समूचे मैदानी क्षेत्रों में तापमान को असामान्य रूप से बढ़ा दिया है। सुबह से ही 10–15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने लगती हैं, जो दोपहर तक लू का रूप ले लेती हैं और जनजीवन को बेहाल कर देती हैं।
हालांकि, राहत की उम्मीद भी जताई जा रही है। 19 मई की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय हो सकता है, जिससे 20 से 23 मई के बीच हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में बादल छाने, तेज हवाएं चलने, धूल भरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। हालांकि इसके बाद उमसभरी गर्मी लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती है।
गौरतलब है कि नौतपा की शुरुआत 25 मई से हो रही है, लेकिन उससे पहले ही पूरे हरियाणा में भीषण गर्मी के कारण हालात विकट हो चुके हैं। आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव की संभावना बनी हुई है।







