Home Crime हिसार की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा जासूसी के आरोप में गिरफ्तार, पाकिस्तान कनेक्शन...

हिसार की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा जासूसी के आरोप में गिरफ्तार, पाकिस्तान कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस

149
0

हिसार |  हरियाणा की मशहूर यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उन्होंने पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ संवेदनशील जानकारियां साझा कीं और भारत विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रही हैं। यह मामला तब उजागर हुआ जब जांच एजेंसियों ने उनकी सोशल मीडिया गतिविधियों, वीडियो और चैट्स की गहन जांच की।

पहलगाम आतंकी हमले से पहले गई थीं कश्मीर और पाकिस्तान

सूत्रों के अनुसार, ज्योति पहलगाम आतंकी हमले से पहले पाकिस्तान और कश्मीर दोनों का दौरा कर चुकी थीं। कहा जा रहा है कि उन्होंने जनवरी 2025 में दो बार कश्मीर की यात्रा की, जिसमें उन्होंने उन क्षेत्रों का दौरा किया जो आमतौर पर आतंकियों के निशाने पर रहते हैं। इस दौरान वह पहलगाम भी गईं, जहां बाद में आतंकी हमला हुआ था। इससे पहले उन्होंने पाकिस्तान की यात्रा भी की थी।

ज्योति की इन गतिविधियों के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और उनके संभावित आतंकी कनेक्शन की जांच शुरू कर दी है। हिसार के पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार ने जानकारी दी कि सोशल मीडिया पर ज्योति को लेकर कई दावे किए जा रहे हैं, जिनकी सच्चाई जानने के लिए जांच चल रही है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान में ज्योति की मुलाकात कुछ हाई-प्रोफाइल लोगों से हुई थी, जिसकी पुष्टि करने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस को संदेह है कि यूट्यूब से होने वाली कमाई से अधिक संसाधनों के साथ बार-बार पाकिस्तान और कश्मीर की यात्रा करना संदेह के घेरे में है। मामले में आर्थिक स्रोतों और संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

वायरल हुआ था आतंकी हमले के बाद दिया बयान

पहलगाम आतंकी हमले के बाद ज्योति मल्होत्रा का एक वीडियो बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में उन्होंने कहा था कि “सिर्फ सरकार नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह सतर्क रहे। अगर कश्मीर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में इतना सुरक्षा प्रबंध होने के बावजूद हमला होता है, तो कहीं न कहीं हम भी जिम्मेदार हैं।” उन्होंने यह भी कहा था कि “जो आतंकियों का समर्थन करता है, वह भारतीय नहीं हो सकता।”

अब यही बयान जांच एजेंसियों की नज़र में है और इसकी पृष्ठभूमि को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस की जांच में अब यह देखा जा रहा है कि इस वायरल वीडियो के पीछे कोई खास मकसद या रणनीति तो नहीं थी।

फिलहाल, ज्योति पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच कई कोणों से की जा रही है। आने वाले दिनों में इस हाई प्रोफाइल गिरफ्तारी से जुड़े कई और खुलासे होने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here