हिसार | हरियाणा में गर्मी से झुलसते लोगों को राहत मिलने की संभावना है, क्योंकि राज्य में अगले तीन दिनों तक मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 19 से 21 मई के बीच हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान कई जिलों में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
अभी राहत नहीं, आज मौसम रहेगा साफ
हालांकि, रविवार (आज) के लिए मौसम विभाग ने साफ आसमान की संभावना जताई है। राज्य के ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। शनिवार को भिवानी 44.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। वहीं, प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक है।
इन जिलों में बरस सकते हैं बादल
- 19 मई: पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में वर्षा के आसार।
- 20 मई: बारिश की गतिविधि मुख्यतः पंचकूला और यमुनानगर तक सीमित रहेगी।
- 21 मई: पश्चिमी हरियाणा के जिलों में वर्षा संभावित है, जिनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, और साथ ही दक्षिणी जिलों गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, महेंद्रगढ़ व रेवाड़ी शामिल हैं।
गर्मी से राहत की उम्मीद
तेज धूप और लू से परेशान लोगों के लिए यह आगामी बारिश राहत लेकर आ सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों से बचने की सलाह दी है।






