Ambala, 15 May-अंबाला कैंट की कई सड़कों का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। स्थानीय लोगों ने सड़कों की मरम्मत शुरू होने पर कैबिनेट मंत्री अनिल विज और प्रशासन का आभार जताया है। नागरिकों का कहना है कि वर्षों से टूटी पड़ी सड़कों के चलते उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब सुधार कार्य देखकर राहत महसूस हो रही है।
कुछ इलाके अब भी बदहाल, ऑटो चालकों ने जताई नाराजगी
हालांकि, कुछ क्षेत्रों में सड़कें अब भी बदहाल हालत में हैं। ऑटो चालकों और राहगीरों ने बताया कि जगह-जगह पड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। उनका प्रशासन से अनुरोध है कि बचे हुए इलाकों की सड़कों की मरम्मत भी जल्द करवाई जाए।
विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश: अनिल विज
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी विकास कार्य समय पर पूरे किए जाएं और कोई भी काम लंबित न रहे। उनके इन निर्देशों के बाद अंबाला कैंट क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में तेजी आई है।
नगर परिषद की सफाई: सभी सड़कें होंगी दुरुस्त
नगर परिषद सेक्रेटरी राजेश कुमार ने बताया कि सदर क्षेत्र की अधिकांश सड़कों का निर्माण हो चुका है। जहां सड़कें टूटी हुई हैं, उनके पेचवर्क के टेंडर भी लगा दिए गए हैं और जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा।






