हरियाणा | हरियाणा में वंचित अनुसूचित जाति (DSC) और अन्य अनुसूचित जाति (OSC) वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने ग्रुप D भर्ती में चयनित न हो पाए अभ्यर्थियों को नए जाति प्रमाण पत्र अपलोड करने का एक और अवसर दिया है। इसके लिए आयोग ने पोर्टल को 13 मई 2025 से खोल दिया है, जो 16 मई 2025 तक खुला रहेगा।
गैर-चयनित DSC और OSC श्रेणी के उम्मीदवार अब इस पोर्टल पर अपने नवीनतम प्रमाण पत्र अपलोड कर सकते हैं। यह अवसर उन अभ्यर्थियों के लिए राहत लेकर आया है जो तकनीकी या दस्तावेज़ संबंधी कारणों से पिछली बार चयन प्रक्रिया से वंचित रह गए थे।
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन को लेकर सुझाव आमंत्रित
आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि हाल ही में जारी जेबीटी मेवात की दस्तावेज़ सत्यापन सूची को लेकर अगर किसी अभ्यर्थी को कोई सुझाव या आपत्ति है, तो वे उसे एक गूगल फॉर्म के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं। आयोग अभ्यर्थियों की प्रतिक्रिया के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगा।
सरकार से मिली पदों की सूची, विज्ञापन वापसी की तैयारी
इसके अलावा, हरियाणा सरकार ने ग्रुप D के 4246 पदों की सूची आयोग को भेज दी है और इन पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों की सूची मांगी है। सरकारी अनुमति मिलने के बाद, HSSC इन पदों का पुराना विज्ञापन रद्द करने संबंधी नोटिस भी जारी कर सकता है।







