यमुनानगर। जिले में केंचुआ खाद प्लांट लगाने के नाम पर एक बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। नेचर एग्रो फार्मिंग नामक कंपनी पर सैकड़ों किसानों से करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप है। मंगलवार को सैकड़ों किसानों ने यमुनानगर जिला सचिवालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित किसानों का आरोप है कि कंपनी ने एक हजार से अधिक किसानों के साथ एग्रीमेंट कर यह वादा किया था कि उनकी जमीन पर केंचुआ खाद प्लांट लगाया जाएगा। कंपनी ही प्लांट से जुड़ा सारा मैटेरियल उपलब्ध कराएगी और तीन महीने में तैयार खाद को स्वयं खरीदकर किसानों को नियमित आय देगी। किसानों को भरोसा दिलाया गया कि ढाई साल में उनकी निवेश राशि दोगुनी हो जाएगी।
किसानों ने बताया कि उन्होंने इस स्कीम के तहत दो लाख से लेकर चालीस लाख रुपये तक का निवेश किया था। लेकिन समय बीतने के बावजूद कंपनी ने न तो खाद उठाई और न ही कोई भुगतान किया। जब किसानों ने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए तो कंपनी ने कार्यालय बंद कर दिया और अब उसके प्रबंधकों के फोन भी बंद आ रहे हैं।
पीड़ित किसानों ने पुलिस प्रशासन से इस पूरे घोटाले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।







