गुड़गांव । हाल ही में पाकिस्तान की ओर से हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना द्वारा की गई कड़ी कार्रवाई की सराहना देशभर में की जा रही है। शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने और सेना के अदम्य साहस को नमन करने के लिए आज बादशाहपुर स्थित आर्य समाज मंदिर में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में विशेष रूप से भाजपा युवा नेता धर्मेंद्र तंवर, आरएसएस के पदाधिकारी और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। यज्ञ के माध्यम से उपस्थित जनों ने वीरगति को प्राप्त हुए जवानों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस मौके पर धर्मेंद्र तंवर ने कहा, “पाकिस्तान हमेशा से पीठ पर वार करने की नीति पर चलता रहा है, लेकिन इस बार भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत करारा जवाब दिया है।” उन्होंने आगे बताया कि “हमलों के जवाब में भारतीय सेना ने पाकिस्तान द्वारा भेजे गए ड्रोन और मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया, जिससे दुनिया को भारत की सैन्य शक्ति का एहसास हुआ।”
धर्मेंद्र तंवर ने कहा कि भारतीय सेना का साहस और संयम ही इस हमले को रोकने में निर्णायक सिद्ध हुआ। उन्होंने कहा कि यह हवन यज्ञ सेना के शौर्य को सम्मान देने और शहीदों की याद को चिरस्थायी बनाने के लिए किया गया।







