टोहाना | हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट ली और दोपहर बाद चली तेज आंधी ने कई इलाकों में तबाही मचा दी। टोहाना उपमंडल के जाखल क्षेत्र में तेज हवा के चलते वार्ड नंबर 8 की बाजीगर बस्ती में एक मकान की छत ढह गई, जिससे मकान मालिक अमरजीत सिंह घायल हो गया। हादसे में उनके हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय अचानक आंधी और हल्की बारिश शुरू हुई। इसी दौरान अमरजीत सिंह का मकान बुरी तरह प्रभावित हुआ और छत भरभराकर गिर पड़ी। हादसे के वक्त अमरजीत अपने परिवार के साथ कमरे में मौजूद थे। जैसे ही छत गिरी, उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन मलबे में उनका हाथ चोटिल हो गया।
अमरजीत ने बताया कि इस हादसे में बेड, कपड़े और राशन सहित घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है। उनका कहना है कि वह पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं और अब इस नुकसान से उबर पाना उनके लिए मुश्किल हो गया है।
सरकारी मदद की मांग:
अमरजीत सिंह ने प्रशासन से अपील की है कि उनके नुकसान की भरपाई की जाए और सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वह अपने घर की मरम्मत और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी कर सकें।







