सिरसा | भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच हरियाणा के सिरसा जिले में सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता को और बढ़ा देने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात सिरसा के आसमान में संदिग्ध ड्रोन मूवमेंट देखी गई। घटना से जुड़े CCTV फुटेज में तेज रोशनी और धमाके की आवाजें रिकॉर्ड हुई हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। ड्रोन गतिविधि एयरफोर्स स्टेशन के पास, जो सिरसा की रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण लोकेशन है, दर्ज की गई।
मिसाइल हमले की नाकाम कोशिश
रात करीब 12:15 बजे ‘फतेह-1 मिसाइल’ के जरिए हमले की कोशिश की गई, जिसे भारतीय सुरक्षा बलों ने सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया। मिसाइल के मलबे के टुकड़े सिरसा के रानियां चुंगी क्षेत्र के खेतों में बरामद हुए हैं।
इसके अतिरिक्त, रानियां क्षेत्र के फिरोजाबाद गांव में एक अन्य मिसाइल का टुकड़ा मिला है, जिसे स्थानीय प्रशासन ने जब्त कर लिया है। पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और जांच एजेंसियां मौके पर पहुंच गई हैं।
सेना और प्रशासन अलर्ट
भारतीय सेना और सुरक्षा एजेंसियों ने इस नाकाम हमले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। साथ ही आम नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की गई है।







