चंडीगढ़ | हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने देश में सुरक्षा संबंधी संवेदनशील माहौल को देखते हुए मीडिया चैनलों से टीवी पर बार-बार खतरे के सायरन न बजाने की अपील की थी। अब विज ने चैनलों द्वारा इस सुझाव का पालन करने पर धन्यवाद जताया और संतोष व्यक्त किया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, “मुझे खुशी है कि चैनलों ने मेरी छोटी सी अपील को गंभीरता से लिया और सायरन बजाना बंद कर दिया।”
इस दौरान पाकिस्तान द्वारा ड्रोन हमले और मिसाइल हमलों को लेकर विज ने सख्त रुख अपनाते हुए कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, “अखाड़े में मजबूत पहलवान पहले कमजोर पहलवान को उछलने देता है, और फिर धोबी पछाड़ मारता है, वही हाल पाकिस्तान का होगा।”
उन्होंने यह भी तंज कसते हुए कहा कि “कुछ पाकिस्तानी ड्रोन तो ऐसे भी थे जिनमें बारूद डालना भूल गए थे। ये सिर्फ दिखावा कर रहे हैं। भारत ने उनकी मिसाइलों को हवा में ही ध्वस्त कर दिया है।” इस संदर्भ में उन्होंने भारतीय S-400 डिफेंस सिस्टम की सराहना भी की।
स्वदेशी हथियारों की कामयाबी पर विज ने कहा कि अब समय आ गया है जब “देश अपने दम पर इतने सक्षम हो गया है कि विदेशी हथियारों पर निर्भरता कम हो गई है और अब दूसरे देश भारत से हथियार खरीद रहे हैं।”
भारत द्वारा पाकिस्तान की ओर छोड़े गए चिनाब नदी के पानी पर विज ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “सिंधु नदी के पानी ने हमारी प्राचीन सभ्यताओं को जन्म दिया, अब अगर पाकिस्तान इसे पीएगा, तो उसका क्या होगा, सोच लेना चाहिए।”
अंत में, अंबाला में हाल ही में हुए ब्लैकआउट पर, अनिल विज ने जनता की सराहना की और कहा कि अंबाला के लोगों ने प्रशासन का भरपूर सहयोग देकर इसे सफल बनाया।







