पानीपत | बापौली क्षेत्र के एक अनाज गोदाम में फायर सिलेंडर से हुआ हादसा एक 21 वर्षीय युवक की जान ले गया। घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाए गए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने घटना को लेकर ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की मांग की है। पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है।
घटना उस समय हुई जब मृतक युवक गोदाम की सफाई के दौरान फायर सिलेंडर को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि यह कार्य ठेकेदार के कहने पर किया गया। इसी दौरान सिलेंडर की पिन अचानक निकल गई और तीव्र दबाव से निकली गैस ने युवक के गले को गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया। युवक की मौके पर ही हालत बिगड़ गई और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान डोडपुर गांव निवासी सुजल के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से दिहाड़ी पर गोदाम में मजदूरी कर रहा था। वहीं गोदाम से जुड़े राकेश नामक व्यक्ति ने सफाई देते हुए कहा कि उसने सिलेंडर मंगवाने का निर्देश नहीं दिया था और युवक खुद ही उससे छेड़छाड़ कर रहा था। बताया गया कि मजदूरी के रूप में युवकों को 500 रुपये प्रतिदिन दिए जा रहे थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







