हिसार| चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) में बुधवार देर रात छात्रों और सुरक्षा कर्मियों के बीच हुए टकराव ने तूल पकड़ लिया। स्कॉलरशिप से जुड़ी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों को रोकने की कोशिश में झड़प हो गई, जिसके बाद हालात बिगड़ गए और सुरक्षाकर्मियों ने लाठीचार्ज कर दिया। इस घटना में तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कई अन्य को हल्की चोटें आई हैं। सभी घायलों को हिसार के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, छात्र स्कॉलरशिप नीति में बदलाव के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे और VC ऑफिस की ओर बढ़ रहे थे। छात्रों ने नारेबाजी करते हुए अंदर जाने की कोशिश की, जिस पर सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और टकराव हिंसक रूप ले गया। सुरक्षाकर्मियों ने छात्रों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज कर दिया।
छात्रों का आरोप – ‘बेरहमी से पीटा गया’
घायल छात्र दिपांशु ने बताया कि वे शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे, तभी अचानक प्रशासनिक टीम वहां पहुंची और VC की गाड़ी आते ही हालात बदल गए। छात्र का आरोप है कि स्कॉलरशिप प्रक्रिया में बदलाव के कारण उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल रहा और वे अपनी समस्याएं बताने पहुंचे थे। लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने बगैर किसी चेतावनी के लाठीचार्ज किया।
प्रशासन का पक्ष – ‘सुरक्षाकर्मियों से की गई मारपीट’
वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि कुछ छात्र जबरन VC ऑफिस में घुसने की कोशिश कर रहे थे। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन छात्रों ने धक्का-मुक्की की और वर्दी तक फाड़ दी। हालात बिगड़ने पर सुरक्षाकर्मियों को कार्रवाई करनी पड़ी। प्रशासन के अनुसार, पहले ही VC ने छात्रों की मांगों पर विचार के लिए एक कमेटी बनाई थी, लेकिन छात्रों ने बैठक में हिस्सा नहीं लिया।
क्या है विवाद की जड़?
पहले विश्वविद्यालय में पीजी छात्रों को 75% से अधिक अंक लाने पर ₹6000 और पीएचडी छात्रों को ₹10,000 की स्कॉलरशिप दी जाती थी। लेकिन अब नई नीति के तहत केवल 25% टॉप स्कोरर्स को ही यह स्कॉलरशिप मिलेगी। छात्रों का आरोप है कि यह नियम अनुचित है और इसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए।







