चंडीगढ़ | केंद्र सरकार के निर्देश पर 7 मई को देशभर में आयोजित की जा रही सिविल डिफेंस मॉकड्रिल के तहत हरियाणा के 11 जिलों में ब्लैकआउट होगा। राज्य सरकार ने इसकी पूरी तैयारियां कर ली हैं। हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) डॉ. सुमिता मिश्रा ने जानकारी दी कि गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार, अम्बाला, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार, पंचकूला, पानीपत, रोहतक, सिरसा, सोनीपत और यमुनानगर जिले सिविल डिफेंस श्रेणी-द्वितीय में शामिल किए गए हैं, जबकि झज्जर को श्रेणी-तृतीय में रखा गया है।
इस दौरान सिविल डिफेंस सायरन, एयर रैंड अलार्म सिस्टम, हॉटलाइन कंट्रोल रूम और भारतीय वायुसेना से रेडियो कम्युनिकेशन लिंक सक्रिय किए गए हैं। मॉकड्रिल में ब्लैकआऊट प्रोटोकॉल, सुरक्षित निकासी और आपात प्रतिक्रिया प्रक्रियाओं का परीक्षण किया जाएगा। डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि यह मॉकड्रिल सभी विभागों के समन्वय से सफल और प्रभावशाली रहेगी।
मॉकड्रिल से पहले:
- फोन और पावर बैंक चार्ज कर लें।
- आपातकालीन किट तैयार रखें जिसमें पानी, सूखा भोजन, दवाइयां शामिल हों।
- सायरन सिग्नल को पहचानें (लंबा निरंतर सायरन = अलर्ट, छोटा सायरन = सब ठीक)।
- रेडियो/टी.वी. पर आधिकारिक अपडेट देखें।
- लाइट बंद करें और सुरक्षित कमरे का चयन करें।
अभ्यास के दौरान:
- यदि हवाई हमले के सायरन या घोषणाएं सुनाई दें तो घबराएं नहीं, यह केवल मॉकड्रिल है।
- घर में रहें और खिड़कियों से दूर रहें।
- अगर गाड़ी चला रहे हैं तो वाहन किनारे पर पार्क कर लाइटें बंद कर दें।
- सभी लाइटें बंद कर दें और बच्चों, बुजुर्गों, और पालतू जानवरों की निगरानी रखें।
- असत्यापित जानकारी फैलाने से बचें।
ड्रिल के बाद:
- सामान्य गतिविधि को फिर से शुरू करने से पहले कोई अन्य निर्देश प्राप्त होने तक इंतजार करें।
- अपने आसपास के बच्चों और बुजुर्गों से बात करें और उन्हें आश्वस्त करें कि यह केवल एक तैयारी का हिस्सा था।







