गुहला | फिल्मी अंदाज में सीआईए कैथल की टीम को चकमा देकर फरार हुआ आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। मंगलवार को न्यायालय से चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजे गए आरोपी ने कोर्ट से लौटते समय सुरक्षाकर्मियों को धोखा देकर भागने में सफलता पा ली थी। इसके बाद आरोपी की तलाश में रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। बुधवार सुबह सीआईए की टीम ने उसे गांव खरौदी से दोबारा काबू कर लिया। इस घटना में एक पुलिसकर्मी के घायल होने की भी सूचना है।
लूटपाट और चाकू से हमले के मामले में था वांछित
मामला 28 अप्रैल का है, जब चीका निवासी सन्नी ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह अपने भाई के साथ दुकान से घर लौट रहा था। इसी दौरान दो नकाबपोश युवकों ने उन पर चाकू से हमला कर बैग लूट लिया, जिसमें करीब 60-70 हजार रुपये और दो मोबाइल फोन थे। इस वारदात के संबंध में थाना चीका में एफआईआर दर्ज की गई थी।
एसपी आस्था मोदी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीआईए-1 टीम को सौंपी थी। एसआई जसवंत सिंह के नेतृत्व में एएसआई कमलजीत की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रवि निवासी बस्ती चीका को गिरफ्तार किया था। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक भी बरामद हुई।
फरार होने के बाद कसा शिकंजा
कोर्ट से रिमांड मिलने के बाद लौटते समय आरोपी पुलिस टीम को चकमा देकर फरार हो गया था। उसके फरार होने के बाद पुलिस की कई टीमें सक्रिय हो गईं और व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। बुधवार सुबह टीम को बड़ी सफलता मिली जब आरोपी को खरौदी गांव से दोबारा दबोच लिया गया।







