कुरुक्षेत्र। नेशनल हाईवे-44 पर शाहाबाद में मारकंडा पुल के पास एक निजी बस और ट्राले के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ। दिल्ली से जम्मू जा रही बस में 20 से अधिक यात्री सवार थे। टक्कर के समय ज्यादातर यात्री नींद में थे। गनीमत रही कि हादसे में किसी यात्री को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार, बस दिल्ली से जम्मू की ओर जा रही थी। जैसे ही बस शाहाबाद में मारकंडा पुल के नजदीक पहुंची, वह आगे चल रहे ट्राले से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस को नुकसान पहुंचा और उसका एक दरवाजा लॉक हो गया। दरवाजा नहीं खुलने के कारण कई यात्रियों को आपातकालीन निकास द्वार से बाहर निकलना पड़ा।
बस में सवार यात्रियों ने बताया कि चालक तेज रफ्तार से बस चला रहा था। यात्रियों के मुताबिक, आगे चल रहे ट्राले के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिसके चलते बस उससे टकरा गई। हालांकि, हादसे के कारणों की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ बस और ट्राले के चालकों से भी जानकारी जुटा रही है।




