नूंह | हरियाणा के नूंह जिले से आईबी और स्थानीय पुलिस ने 22 वर्षीय अरमान को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी अरमान राजाका गांव का निवासी है और उस पर आरोप है कि वह दिल्ली में पाकिस्तानी उच्चायोग के कर्मचारी दानिश को देश की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी प्रदान करता था।
खबरों के अनुसार, अरमान पाकिस्तान में अपने फोन के माध्यम से भी संपर्क करता था। इस मामले में प्रदेश में यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा सहित अन्य पांच लोगों की भी गिरफ्तारी हो चुकी है।
अरमान के खिलाफ नगीना थाने में देशद्रोह समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी से उसके मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं।
शनिवार को अरमान को फिरोजपुर झिरका कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे छह दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
अभी इस मामले की जांच सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं और अधिकारियों का कहना है कि इस जासूसी मामले में आगे भी गिरफ्तारी संभव है।







