गुरुग्राम | हरियाणा पुलिस के एक हेड कॉन्स्टेबल पर गंभीर आरोप लगे हैं। पांच महिलाओं से शादी कर चुके इस पुलिसकर्मी पर उसकी पांचवीं पत्नी ने छठी शादी की साजिश और शोषण का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मामला उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़िता की तहरीर पर आरोपी हेड कॉन्स्टेबल राहुल, उसकी मां और बड़े भाई के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
पीड़िता रश्मि तोमर, जो बरेली के एक सरकारी स्कूल में सहायक शिक्षिका हैं, ने बताया कि उनकी शादी नवंबर 2023 में राहुल से हुई थी। शादी के बाद ही उन्हें यह पता चला कि राहुल पहले से चार महिलाओं से विवाह कर चुका है और किसी को कानूनी रूप से तलाक नहीं दिया है। इसके बावजूद, उसने उनसे पांचवीं शादी की।
गंभीर आरोप: घरेलू हिंसा, गर्भपात और धोखाधड़ी
शिक्षिका का आरोप है कि शादी के बाद राहुल अक्सर शराब के नशे में उनके साथ मारपीट करता था और अतिरिक्त दहेज की मांग करता था। उन्होंने बताया कि विरोध करने पर उनके साथ हिंसा की गई, जिससे तीन महीने का गर्भपात हो गया। इसके बाद आरोपी उन्हें जबरन कार में बैठाकर मेरठ लाया और मायके में छोड़कर फरार हो गया।
परिवार पर भी लगे गंभीर आरोप
रश्मि ने बताया कि राहुल की मां सतवीरी और जेठ प्रशांत कुमार न केवल इन गतिविधियों में शामिल थे, बल्कि उनका खुलकर समर्थन भी करते थे। उन्होंने दावा किया कि उनके जेवर, महंगे कपड़े और उपहार भी ससुराल पक्ष ने अपने पास रख लिए और उनकी मासिक वेतन राशि भी उनसे ली जाती थी।
नई शादी की योजना
पीड़िता के अनुसार, राहुल अब एक और महिला से विवाह की तैयारी कर रहा है, जिससे उसका कथित प्रेम-प्रसंग चल रहा है। रश्मि ने कहा कि राहुल कई महिलाओं को झांसे में लेकर शादी करता है और यह उसका पुराना तरीका बन चुका है।
पुलिस कार्रवाई शुरू
कंकरखेड़ा थाना प्रभारी विनय कुमार ने पुष्टि की कि शिकायत के आधार पर आरोपी हेड कॉन्स्टेबल, उसकी मां और बड़े भाई के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
हरियाणा पुलिस की छवि पर असर
इस घटना ने न केवल पीड़िता को मानसिक और शारीरिक रूप से आघात पहुंचाया है, बल्कि हरियाणा पुलिस की साख को भी झटका दिया है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पीड़िता को कब तक न्याय मिलता है और पुलिस विभाग इस पर क्या कदम उठाता है।







