Home Accident पानीपत: सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत, गर्दन में घुसे फाउंडेशन...

पानीपत: सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत, गर्दन में घुसे फाउंडेशन से निकले सरिए, ठेकेदार पर केस दर्ज

250
0

पानीपत । शहर के सेक्टर-25 स्थित हरिद्वार बायपास पर सोमाया गार्डन के पास एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय युवक की जान चली गई। युवक अमन, जो काम की तलाश में पानीपत आया था, उसकी बाइक सड़क के गहरे गड्ढे के कारण असंतुलित हो गई और वह सड़क के बीचोंबीच स्ट्रीट लाइट फाउंडेशन से टकरा गया। फाउंडेशन से निकले लोहे के सरिए उसकी गर्दन में घुस गए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस को दी गई शिकायत के आधार पर बिजली निगम के अज्ञात ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है।

बाइक फिसलने के बाद लोहे के सरिए में जा घुसा युवक

मृतक के पिता जगबीर, जो गांव बुडशाम के निवासी हैं, ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा अमन 2 अप्रैल की शाम सात बजे काम की तलाश में बाइक से पानीपत आया था। रात लगभग साढ़े 11 बजे उन्हें सूचना मिली कि अमन का सड़क हादसे में निधन हो गया है।

सूचना मिलने पर वह घटनास्थल पर पहुंचे तो पता चला कि अमन की बाइक सेक्टर-25 स्थित श्याम गार्डन के पास एक गहरे गड्ढे में असंतुलित होकर सड़क डिवाइडर से टकराई। इसके बाद वह उछलकर बीच सड़क पर लगे स्ट्रीट लाइट फाउंडेशन पर जा गिरा, जहां से लोहे के सरिए बाहर निकले हुए थे। ये सरिए उसकी गर्दन में घुस गए और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

शादी की थी तैयारी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

जगबीर ने बताया कि अमन तीन बच्चों में मंझला था। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है और छोटी बेटी अभी पढ़ाई कर रही है। अमन की शादी के लिए रिश्ता देखा जा रहा था। वह खुद मेहनत-मजदूरी कर परिवार का गुजारा करते हैं, जिसमें अमन भी सहयोग करता था। बेटे की मौत से परिवार पर गहरा दुख छा गया है।

ठेकेदार की लापरवाही का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

परिवार ने हादसे के लिए बिजली निगम के ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराया है, जिसने स्ट्रीट लाइट फाउंडेशन के सरिए खुले छोड़ दिए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे से क्षेत्र में भी गहरी संवेदना का माहौल है और लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here