20 सितम्बर,करनाल – चुनाव की सरगर्मी के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज अचानक करनाल के गोगड़ीपुर गांव में पहुंचे, जहां उन्होंने अमेरिका में घायल हुए एक युवक अमित कुमार के परिजनों से मुलाकात की। इतना ही नहीं राहुल गांधी ने युवक के घर पहुंच कर वीडियो कॉल का सबूत भी दिया। राहुल गांधी आज सुबह 5:30 करनाल के गोगडीपुर गांव में अचानक पहुंचे थे। हैरानी की बात यह थी कि उनके दौरे को लेकर ना तो कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और ना ही पुलिस प्रशासन को कोई सूचना थी। उनके आने की सूचना से सभी दंग रह गए। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जैसे ही राहुल गांधी के आने की खबर ग्रामीणों को पता चली तो वह सब राहुल गांधी को देखने इकठ्ठा हो गए।
गौरतलब है की पिछले दिनों अमेरिका में अपने दौरे के दौरान राहुल गांधी गोगडीपुर गांव के अमित कुमार नाम के युवक से मिले थे। डेढ़ साल पहले वह डोंकी के रास्ते अमेरिका गया था। यहां उसका एक्सीडेंट होने के बाद अस्पताल में इलाज चल रहा है। अमेरिका में राहुल गांधी ने अमित से वादा किया था कि वह उनके घर जाएंगे और उनकी बात घर वालों से कराएंगे। गांव में राहुल गांधी ने अमित के पिता बीर सिंह और उनकी मां बीरमति से बात की और परिवार के लोगों के साथ फोटो भी खिंचवाई।
अमित के परिजनों की फोने से करवाई बात
अमित की मां बीरमति ने राहुल को बताया कि उनका बेटा डेढ़ साल पहले अमेरिका गया था जहां उसका एक्सीडेंट हो गया था, इससे उनकी चिंता बढ़ गई थी। अमित की मां बीरमति ने बताया कि सुबह 5:00 बजे राहुल गांधी के सुरक्षाकर्मी उनके घर आए और उन्हें सोते से जगाया। उसके बाद करीब 6:00 बजे राहुल गांधी उनके घर पहुंचे। वह करीब डेढ़ घंटा यहां रुके। उन्होंने सभी का हाल चाल पूछा और अपने फोन से अमित के साथ उनकी बात करवाई। देश का एक बड़ा नेता हमारे घर पहुंचा यह हमारे लिए बड़ी बात है।







