झुंझुनू | प्रतिबंधित खेजड़ी की लकड़ी की तस्करी को अंजाम देने के लिए तस्कर अब नई तरकीबें अपना रहे हैं। ताजा मामला झुंझुनू जिले से सामने आया है, जहां तस्करों ने डाक पार्सल वाहनों का सहारा लेना शुरू कर दिया है ताकि तस्करी को छिपाया जा सके।
वन विभाग को जब इस गतिविधि की गुप्त सूचना मिली तो रेंजर विजय फगेड़िया के नेतृत्व में टीम ने बगड़-मालीगांव मार्ग पर नाकाबंदी की। इस दौरान विभाग ने पुष्पा डाक पार्सल की एक गाड़ी और एक पिकअप वाहन को रोका। तलाशी में दोनों वाहनों से करीब 30 क्विंटल खेजड़ी की लकड़ी बरामद की गई।
इस कार्रवाई में पुलिस ने किठाना निवासी दो तस्करों—सुनील कुमार और कुरडाराम को मौके से हिरासत में लिया। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।







