सिरसा, 24 दिसंबर–-हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज सिरसा पहुंचे। सिरसा के गांव फूलकां में महाराजा सूरजमल के 261 वें बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जाट विकास मंच की तरफ से कराये गए प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शिरकत की। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महाराजा सूरजमल की प्रतिमा का अनावरण किया और पौधारोपण भी किया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला,प्रदेश के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा,पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल सहित बीजेपी के स्थानीय नेता भी मौजूद रहे।
पंचायत फूलकां को 11 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा
इस मौके पर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने ग्राम पंचायत फूलकां को 11 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की इसके साथ सीएम नायब सिंह सैनी ने भी 21 लाख ग्राम पंचायत फूलकां को देने की घोषणा की और अम्बेडकर ट्रस्ट को 11 लाख देने की घोषणा की।ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महाराजा सूरजमल जैसी शख्सियत की प्रतिमा का अनावरण करने का उन्हें मौका मिल रहा है. इसके लिए वो आयोजकों और गांववासियों का धन्यवाद करते हैं। मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा कि महाराजा सूरजमल के जीवन से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए और उनके संकल्प को अपने जीवन में लेकर विकास के कामो को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीजेपी की केंद्रीय और राज्य सरकार ऐसे ही महापुरुषों से प्रेरणा लेकर विकास के नए कीर्तिमान बना रही है और लोगों के हितों में अनेक योजनाएं लागू कर रही है जिसका लाभ किसान व्यापारी और आम जन को मिल रहा है।







