चंडीगढ़ | हरियाणा में कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर के छात्रों को दी जाने वाली पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप योजना वेरिफिकेशन में ढिलाई के चलते अटक गई है। उच्चतर शिक्षा विभाग ने बताया कि कई संस्थान छात्रों के आवेदन की पुष्टि नहीं कर रहे हैं, जिसके चलते 3,000 से अधिक छात्रवृत्ति से वंचित रह सकते हैं।
विभाग की ओर से इस संबंध में पांच से अधिक रिमाइंडर भेजे जा चुके हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर अब अंतिम चेतावनी जारी की गई है। विभाग ने निर्देश दिए हैं कि संबंधित अधिकारी तीन दिन के भीतर वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी करें, अन्यथा इस पूरे मामले की रिपोर्ट मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भेजी जाएगी।
उच्चतर शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. अशोक कुंडू ने कहा कि पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप के तीन वर्षों की वेरिफिकेशन अभी तक लंबित है। अब वेरिफिकेशन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को मुख्यालय तलब किया जाएगा और उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी।







