जुलाना | जुलाना क्षेत्र के गढ़वाली खेड़ा गांव में एक सप्ताह पहले विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या माने जा रहे इस केस में पुलिस जांच के दौरान महिला के पति विकास ने अपनी पत्नी की हत्या करना कबूल कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में महिला के चाचा ने आरोप लगाया था कि उनकी भतीजी पायल को ससुराल में लगातार दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जाता था, जिससे तंग आकर उसने आत्महत्या की। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला के पति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पूछताछ के दौरान आरोपी विकास ने स्वीकार किया कि उसने ही पायल की गला दबाकर हत्या की थी। मृतका के परिजनों ने भी अपनी शिकायत में बताया था कि शादी के बाद से ही पायल को दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसकी जानकारी उसने कई बार अपने मायके वालों को दी थी।फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।







