Home Crime नूंह में गोतस्करी पर बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने 7 गोवंश को कराया...

नूंह में गोतस्करी पर बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने 7 गोवंश को कराया मुक्त, 6 पर केस दर्ज

112
0

नूंह | हरियाणा के नूंह जिले में पुलिस ने गोतस्करों के ठिकानों पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान पुलिस ने गोहत्या की तैयारी कर रहे आरोपियों के कब्जे से 7 गोवंश को सुरक्षित मुक्त करवाया। आरोपियों को पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही वे मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से धारदार हथियार भी बरामद किए हैं और 6 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, नूंह सीआईए स्टाफ की टीम गश्त के दौरान सूड़ाका गांव के बस स्टैंड पर मौजूद थी, तभी टीम को गोहत्या की साजिश के संबंध में गोपनीय सूचना मिली। बताया गया कि एजाज और अकबर हुसैन निवासी भडंगाका, तथा शरीफ और आमीर निवासी आंधाका गोवंश का वध करने की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस जब मौके पर पहुंची तो सभी आरोपी पुलिस को देखकर भाग निकले। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन आरोपी गांव की संकरी गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गए।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से घायल अवस्था में 5 गोवंश, एक छुरी और एक कुल्हाड़ी बरामद की। सभी गोवंश को सुरक्षित रूप से गोशाला भिजवा दिया गया है।

पुलिस ने दूसरी कार्रवाई फिरोजपुर नमक गांव में की, जहां दो आरोपियों ने अपने घर में दो गोवंश को बंद कर रखा था और उनकी हत्या की तैयारी कर रहे थे। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी जहांगीर और फरमान भाग निकले। पुलिस ने यहां से 2 गाय, एक छुरी, एक कुल्हाड़ी और एक बाइक भी बरामद की है।

नूंह सदर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि दोनों घटनाओं को लेकर अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here