चरखी दादरी | हरियाणा के राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने पानी के मुद्दे पर पंजाब सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि “पानी की राजनीति करने वालों को जनता जवाब देना जानती है।” उन्होंने कहा कि दिल्ली की तरह ही पंजाब में भी आम आदमी पार्टी की स्थिति कमजोर होती जा रही है।
विपुल गोयल चरखी दादरी स्थित जनता कॉलेज में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल हुए, जहां उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस मौके पर कॉलेज प्रबंधन ने भी मंत्री का अभिनंदन किया।
मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा कि हरियाणा का पानी पर वैधानिक अधिकार है और यह अधिकार राज्य को मिलेगा। उन्होंने पंजाब सरकार पर “ओच्छी और घटिया राजनीति” करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पानी जैसे गंभीर विषय पर राजनीतिक लाभ उठाना ठीक नहीं है।
जातिगत जनगणना को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए गोयल ने कहा कि “कांग्रेस ने दशकों तक शासन किया, लेकिन तब उसे जाति जनगणना की याद नहीं आई।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह जनहित में उठाया गया कदम है।







