रोहतक | हत्या और दुष्कर्म के मामलों में 20 साल की सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम बुधवार को अपनी 21 दिन की फरलो पूरी करने के बाद रोहतक की सुनारिया जेल लौट आए। राम रहीम की जेल में वापसी शाम 4:55 बजे हुई, जहां उन्हें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दाखिल किया गया।
गौरतलब है कि डेरा प्रमुख को 9 अप्रैल को फरलो दी गई थी। यह उनकी अब तक की 13वीं बार जेल से बाहर आने की अवधि थी। इससे पहले 2 जनवरी 2025 को उन्हें 30 दिन की पैरोल दी गई थी, जिसमें उन्होंने 10 दिन सिरसा और 20 दिन बरनावा, उत्तर प्रदेश में बिताए थे।
हालिया फरलो के दौरान राम रहीम सिरसा डेरे में ही रुके और अनुयायियों से मुलाकात के साथ-साथ डेरा स्थापना दिवस भी मनाया। उनकी गतिविधियों के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।







