Home Ambala अंबाला कैंट में 5 हजार हैप्पी कार्ड बिना वितरण के धूल खा...

अंबाला कैंट में 5 हजार हैप्पी कार्ड बिना वितरण के धूल खा रहे, लाभार्थियों में नहीं दिख रही रुचि

161
0

अंबाला। हरियाणा सरकार द्वारा कम आय वाले परिवारों के लिए शुरू की गई हैप्पी कार्ड योजना अंबाला कैंट में उपेक्षा की शिकार होती दिख रही है। यहां करीब 5 हजार हैप्पी कार्ड तैयार होने के बावजूद लाभार्थी इन्हें लेने नहीं आ रहे हैं, जिससे रोडवेज कर्मचारियों के लिए इन कार्डों का वितरण एक चुनौती बन गया है।

बस स्टैंड प्रबंधन के अनुसार, अंबाला में अब तक करीब 73 हजार हैप्पी कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिनमें से 67,700 कार्ड लाभार्थियों को वितरित किए जा चुके हैं, लेकिन 5,000 कार्ड अभी भी दफ्तरों में पड़े हैं, जिन्हें लेने कोई नहीं आ रहा।

फोन कॉल्स से भी नहीं हो रहा संपर्क

बस स्टैंड के इंचार्ज कर्ण सिंह ने बताया कि कर्मचारी लाभार्थियों को बार-बार कॉल कर रहे हैं, लेकिन कई नंबर बंद हैं या लोग कॉल रिसीव नहीं कर रहे। कुछ लाभार्थी यह भी कह चुके हैं कि उन्होंने गलती से आवेदन कर दिया था और अब कार्ड लेने में उनकी कोई रुचि नहीं है।

योजना का उद्देश्य और लाभ

हरियाणा सरकार ने एक लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों के लिए हैप्पी कार्ड योजना की शुरुआत की थी। इसके तहत 50 रुपये की मामूली फीस पर पात्र व्यक्ति को साल में 1000 किलोमीटर तक फ्री यात्रा की सुविधा मिलती है। इस योजना के जरिए सरकार का उद्देश्य गरीब परिवारों को सस्ती परिवहन सुविधा प्रदान करना था।

कार्यालयों को करना पड़ा बंद

कार्ड वितरण की धीमी रफ्तार के चलते, बराड़ा, मुलाना, शहजादपुर और अंबाला शहर के बस स्टैंडों पर हैप्पी कार्ड काउंटर बंद कर दिए गए हैं। फिलहाल, केवल अंबाला कैंट बस स्टैंड पर ही कार्ड बनाए और वितरित किए जा रहे हैं।

पहले थी भीड़, अब उदासीनता

शुरुआत में योजना को लेकर लोगों में भारी उत्साह था, और कार्ड बनवाने के लिए लंबी कतारें लगती थीं। लेकिन अब कार्ड वितरण कार्यालयों में सन्नाटा पसरा है और अधिकारी इन्हें लाभार्थियों तक पहुंचाने की कोशिशों में थक चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here