हांसी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मई माह में हांसी का दौरा करेंगे और एक विशाल रैली के माध्यम से लोगों का आभार व्यक्त करेंगे। यह जानकारी मंगलवार को स्थानीय विश्रामगृह में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में हांसी के विधायक विनोद भयाना ने दी।
विकास योजनाओं की हो सकती है घोषणा
विधायक भयाना ने बताया कि मुख्यमंत्री के व्यस्त कार्यक्रम के चलते लंबे समय से रैली की तारीख तय नहीं हो पा रही थी, लेकिन अब 11 मई को अनाज मंडी हांसी में दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री की रैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सीएम सैनी का आगमन हांसीवासियों के लिए विकास की नई सौगातें लेकर आएगा। संभावना है कि इस रैली के दौरान कई अहम योजनाओं की घोषणा की जाए।
भयाना ने रखीं स्थानीय मांगें
विधायक विनोद भयाना ने कहा कि वे मुख्यमंत्री के समक्ष हांसी को पूर्ण जिला घोषित करने, सामान्य अस्पताल में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने, एक नया कॉलेज खोलने और बस डिपो की स्थापना जैसी मांगें रखेंगे। उन्होंने बताया कि यह मुख्यमंत्री की पहली जनसभा होगी जबसे राज्य में भाजपा सरकार पुनः सत्ता में आई है।
हजारों लोगों के जुटने की उम्मीद
रैली को लेकर विधायक ने कहा कि हांसी की रैलियां हमेशा ऐतिहासिक रही हैं और इस बार भी हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले भी पहली बड़ी रैली हांसी में ही आयोजित की गई थी, और मुख्यमंत्री ने तब वादा किया था कि भाजपा सरकार बनने के बाद हांसी में डीसी की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी।







