पलवल, 24 दिसंबर –केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा डॉ बाबासाहेब आंबेडकर पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ मंगलवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा गुर्जर भवन पलवल से लेकर जिला सचिवालय तक पैदल मार्च किया। जिसमें जिला उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को अमित शाह देश से माफी मांगे और इस्तीफा दे की मांग का ज्ञापन सौपा। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने किया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस प्रभारी लखन सिंगला, हथीन विधायक मोहम्मद इसराइल, पूर्व मंत्री करण दलाल के पुत्र उदयकरन दलाल और एडवोकेट चंद्रशेखर रावत भी मौजूद थे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि डॉ बाबासाहेब आंबेडकर ने दलित, पीड़ित, शोषित, पिछडे, किसान, मजदूर और वंचित समाज के लोगों को लोकतांत्रिक हक प्रदान किया। देश के लोगों को वोटिंग राइट देने का अधिकार दिया। इस देश में आर्थिक और सामाजिक और राजनीतिक न्याय के लिए संविधान में व्यवस्था बनाने का कार्य किया था। देश के लोगों को समानता का अधिकार दिया आज संविधान में दिए गए अधिकारों को छीनने का कार्य किया जा रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा डॉ बाबासाहेब आंबेडकर जी के बारे में एक विशेष लहजे के अनुसार 6 बार आंबेडकर कहा गया है,जिससे साफ जाहिर होता है कि गृहमंत्री अमित शाह की मानसिकता कितनी छोटी है। जबकि हर कोई व्यक्ति अंबेडकर जी या बाबा साहब कहकर संबोधित करता है। उदयभान ने कहा कि बाबा साहब ने जो अधिकार संविधान में दिए है वह लोगों को मिले। लोगों को बेहतर शिक्षा प्राप्त हो। लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिले। युवाओं को रोजगार मिले। मूलभूत समस्याओं का निदान हो। उदयभान ने कहा कि जब तक केंद्रीय गृहमंत्री अपने बयान को लेकर देश से माफी नहीं मांगते है तबतक कांग्रेस सडक़ों पर प्रदर्शन करेगी।
वहीं एडवोकेट चंद्रशेखर रावत और उदयकरन दलाल ने कहा कि डॉ बाबासाहेब आंबेडकर ने लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए संविधान का निर्माण किया। संविधान में हर वर्गों को समानता का अधिकार दिया गया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा बाबा साहब अंबेडकर जी का अपमान किया गया है। ज्ञापन देकर उनके इस्तीफे की मांग की गई है।







