रेवाड़ी | जिले के गुरावड़ा गांव में एक घरेलू विवाद ने उस समय तूल पकड़ लिया जब मौके पर पहुंची इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (ईआरवी) टीम के साथ दो लोगों ने कथित रूप से मारपीट की और एक विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) की वर्दी फाड़ दी। रोहड़ाई थाना पुलिस ने एक महिला समेत दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शास्त्री नगर निवासी संजू देवी ने अपनी बेटी की शादी गुरावड़ा निवासी कुलदीप से की थी। पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद के चलते सोमवार रात कुलदीप की पत्नी ने मायके जाने की इच्छा जताई, जिसे कुलदीप और उसके परिवार ने अस्वीकार कर दिया। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया।
झगड़े की सूचना मिलने पर कुलदीप के पिता ने डायल-112 पर कॉल की, जिसके बाद ईआरवी स्टाफ मौके पर पहुंचा। इसी दौरान संजू देवी अपने परिचित सिलेसिंह (निवासी जिंद्रान, रोहतक) के साथ गुरावड़ा पहुंचीं और कुलदीप के परिवार से विवाद करने लगीं।
पुलिस के साथ धक्का-मुक्की, SPO की वर्दी फाड़ी
ईआरवी इंचार्ज सत्यप्रकाश व अन्य स्टाफ ने मामले को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि संजू देवी और सिलेसिंह ने आक्रोशित होकर पुलिस के साथ अभद्रता शुरू कर दी। SPO सत्यप्रकाश के साथ हाथापाई करते हुए उनकी वर्दी तक फाड़ दी गई। इसके बाद रोहड़ाई थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।
जांच अधिकारी गिरिराज ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने जैसी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है।







