झज्जर | जिले के धारौली गांव में रविवार रात एक मकान में अचानक आग लगने से एक युवती की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन गंभीर रूप से झुलस गई। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है, वहीं घायल महिला को उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान 23 वर्षीय हिमांशु उर्फ निधि पुत्री अजीत सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रात के समय अचानक घर में आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में आकर निधि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन कोमल गंभीर रूप से झुलस गई। कोमल अविवाहित है और एमएससी की पढ़ाई पूरी कर चुकी थी।
बताया गया कि निधि की मां का निधन लगभग 20 वर्ष पहले हो गया था और पिता कई वर्षों से लापता हैं। कोमल की शादी हो चुकी है, लेकिन वह अपने बेटे के साथ अधिकतर समय अपनी बहन निधि के साथ ही धारौली गांव में रहती थी। हादसे के समय कोमल ने किसी तरह अपने बेटे को बचा लिया, लेकिन निधि को नहीं बचा सकी।
मामले की जांच कर रहे साल्हावास थाने के एएसआई संदीप कुमार ने बताया कि रविवार रात गांव से आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।







