कुरुक्षेत्र | मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कुरुक्षेत्र ज़िला भाजपा कार्यालय में प्रेस से बातचीत के दौरान बड़ा बयान दिया। मंत्री ने अपने विभाग में सभी कार्य हिंदी में करने के निर्देश जारी किए हैं।
“हिंदी हमारी पहचान है”: शिक्षा मंत्री
मंत्री महिपाल ढांडा ने स्पष्ट किया कि उनके विभाग में अब संपूर्ण कार्य हिंदी भाषा में होंगे, ताकि सभी लोग आसानी से सरकारी दस्तावेज़ और सूचनाएं समझ सकें। उन्होंने कहा, “हिंदी हमारी राष्ट्रीय भाषा है, फिर हम अंग्रेज़ी में क्यों काम करें? मुझे अंग्रेज़ी थोड़ी बहुत समझ आती है, लेकिन राज्य के 90 प्रतिशत लोगों को नहीं आती। फिर हम सिर्फ 5-7 प्रतिशत लोगों के लिए बाकी 90 प्रतिशत के साथ अन्याय कैसे कर सकते हैं?”
एनसीईआरटी की किताबों और एडमिशन प्रक्रिया पर प्रतिक्रिया
जब मंत्री से कक्षा 8 की NCERT की किताबें अभी तक न पहुंचने के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि हरियाणा ऐसा पहला राज्य है जिसने समय पर किताबों के सेट भेजने की व्यवस्था की। हालांकि, कक्षा 8 की किताबें अब तक बाज़ार में नहीं आई हैं — इस पर उन्होंने जवाब दिया, “आपने मामला उठाया है, हम इस पर कार्रवाई करेंगे और जल्द समाधान निकालेंगे।”
इसके अलावा उन्होंने कहा कि नॉन-अटेंडिंग एडमिशन को लेकर शिकायतें मिली हैं, और इस पर जल्द बैठक कर ठोस निर्णय लिया जाएगा।







