गुड़गांव। आगामी मानसून से पहले शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। आमजन को राहत देने के उद्देश्य से उपायुक्त अजय कुमार ने मंगलवार को स्वयं फील्ड में उतरकर शहर के जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और जल निकासी से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम गुरुग्राम (MCG) और गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) के अधिकारी भी मौजूद रहे। डीसी अजय कुमार ने एंबिएंस मॉल, शंकर चौक, सिकंदरपुर, शिव नादर स्कूल, एआईटी चौक, सेक्टर 52, 56, 46, 47, 57, सुशांत लोक, आर्टेमिस रोड और मेफील्ड गार्डन जैसे जलभराव के प्रमुख बिंदुओं पर पहुँचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर पिछले वर्ष मानसून के दौरान जलभराव की स्थिति बनी थी, वहां इस बार समय रहते सभी आवश्यक उपाय पूरे कर लिए जाएं। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।







