यमुनानगर | हरियाणा के यमुनानगर जिले में अपराध शाखा-2 की टीम को लूटपाट के एक बड़े मामले में अहम सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने साढौरा थाना क्षेत्र में 24 अप्रैल को हुई लूट और जगाधरी में मोबाइल दुकान से मोबाइलों से भरा बैग लूटने की वारदात में शामिल दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश अब भी जारी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइलों से भरा बैग और दो अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
कैसे पकड़े गए आरोपी?
डीएसपी आशीष चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना सदर जगाधरी क्षेत्र के गांव महलावली के पास रिंग रोड निर्माण स्थल पर तीन संदिग्ध हथियारों के साथ घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम का गठन कर तुरंत कार्रवाई की गई। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने जब बदमाशों को रोकने का इशारा किया, तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहले भी कर चुके थे लूट की वारदातें
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी इससे पहले भी कई वारदातों में शामिल रहे हैं। 22 फरवरी को थाना छप्पर क्षेत्र में एक दुकान से गन पॉइंट पर नगदी लूटी गई थी, वहीं 18 फरवरी को गांव महलावली में एक गैस एजेंसी से भी हथियार के बल पर पैसे लूटने की घटना को अंजाम दिया गया था। इसके अलावा, जगाधरी शहर क्षेत्र में एक सब्जी विक्रेता से भी कार सवार बदमाशों ने लूट की थी।
फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि तीसरे फरार आरोपी की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की गहनता से जांच की जा रही है ताकि अन्य आपराधिक घटनाओं का भी खुलासा किया जा सके।







