सिरसा | हरियाणा सरकार की नशे के खिलाफ लड़ाई को एक नई दिशा मिली है। आज सिरसा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम से साइक्लोथॉन 2.0 की शुरुआत हुई, जो जिले के विभिन्न इलाकों से होते हुए ओढ़ा में संपन्न हुई। इस यात्रा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी शामिल हुए।
साइक्लोथॉन 2.0 का उद्देश्य हरियाणा को नशे से मुक्त करना है, और यह यात्रा इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खुद साइकिल चलाकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचकर इस अभियान की शुरुआत की और संत समाज का आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही उन्होंने जिले के सरपंचों से भी मुलाकात की, जिन्होंने मुख्यमंत्री का पारंपरिक पगड़ी पहनाकर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान लोगों को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई और बताया कि सरकार ने मानस पोर्टल लॉन्च किया है, जिससे लोग गोपनीय रूप से नशे से जुड़ी जानकारी दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा को नशे से मुक्त करने के लिए यह अभियान सभी नागरिकों की सहभागिता से सफल होगा।
“हरियाणा किसानों और जवानों की धरती है, नशे का इस भूमि पर कोई स्थान नहीं है,”: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
उन्होंने आगे बताया कि साइक्लोथॉन 2.0 का हर एक पहिया नशे के खिलाफ जागरूकता का प्रतीक है और इस अभियान का उद्देश्य नशे को पूरी तरह से जड़ से खत्म करना है। उन्होंने यह भी कहा कि नशे से मुक्त गांवों के सरपंचों को सम्मानित किया जाएगा और एसएचओ की जिम्मेदारी तय कर इस मामले में छह राज्यों का समूह बनाया गया है ताकि नशे के खिलाफ मिलकर काम किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा के लोगों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें, क्योंकि यह साइक्लोथॉन अब सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ एक जन आंदोलन बन चुका है।
पुलवामा हमले की कड़ी निंदा
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुलवामा हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि वहां पर टूरिस्टों पर गोलियां चलाना घिनौना कृत्य है और इसका कड़ा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने पाकिस्तान से वीजा पर आए लोगों के वीजा को समाप्त करने का काम किया है और उन्हें तुरंत राज्य छोड़ने का आदेश दिया है। हालांकि, कश्मीरी बच्चों को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वे हमारे देश के सम्मानित नागरिक हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाएगी।







