हिसार | शनिवार को बाडोपट्टी टोल प्लाजा पर किसान संघर्ष समिति और टोल प्रबंधन के बीच अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में बाडोपट्टी, चौधरीवास और मय्यड़ टोल प्लाजा से जुड़े किसान संघर्ष समिति के सदस्य और तीनों टोल प्लाजा के मैनेजर मिवरुती रावत, मंगेश देशपांडे, दलीप सिंह, कंपनी के जनरल मैनेजर गंगाधर तथा सिक्योरिटी इंचार्ज अमित नैन मौजूद रहे।
बैठक में टोल अधिकारियों ने किसानों की प्रमुख मांगों को स्वीकार कर लिया। तय किया गया कि कार्ड, झंडा या बैज लगी गाड़ियों से अब टोल टैक्स नहीं वसूला जाएगा। साथ ही टोल कर्मी इन गाड़ियों की वेरिफिकेशन प्रक्रिया नहीं करेंगे और रात के समय वाहन चालकों से किसी भी प्रकार की अनावश्यक बातचीत के लिए दबाव नहीं बनाया जाएगा। यदि गाड़ी में महिलाएं और परिवार के सदस्य मौजूद हों तो टोल कर्मचारी सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करेंगे।
संयुक्त किसान मोर्चा ने भी दी अपनी सहमति
इधर, संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक भी ईश्वर वर्मा की अध्यक्षता में हुई, जिसमें संचालन सरदानंद राजली ने किया। किसानों ने भी भरोसा दिलाया कि यदि कोई व्यक्ति फर्जी कार्ड का इस्तेमाल करता है, तो उसकी जिम्मेदारी किसान संगठन की नहीं होगी। साथ ही यह तय किया गया कि यदि किसी वाहन पर झंडा, कार्ड या बैज में से दो आईडी मौजूद होंगी तो उसे टोल पर नहीं रोका जाएगा।







